संवाददाता न्यूजसबतक मुकेश कुमार कटारिया की रिपोर्ट
अछल्दा, औरैया। अछल्दा-अत्सू मार्ग पर रामपुर वैश्य गांव के सामने रविवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव के मोड़ पर हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर वैश्य निवासी शरद शाक्य पुत्र अशोक कुमार शाक्य रविवार दोपहर बाइक से अछल्दा बाजार जा रहा था। इसी दौरान गांव के मोड़ पर बांकेलाल के घर के सामने सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक हरिबाबू पुत्र सुरेश चंद्र शाक्य निवासी रामपुर वैश्य मंडी से धान बेचकर वापस लौट रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शी विपिन शाक्य ने घायल किशोर को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला।
मैनपुरी फाटक के पास किशोर ने तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल शरद को उपचार के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन मैनपुरी फाटक के पास पहुंचने तक उसकी मौत हो गई। किशोर की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार और मुन्नालाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी जुटाई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। घटना के संबंध में पुलिस की आगे की कार्रवाई की जानकारी प्रतीक्षित है।
परिवार में पसरा मातम
15 वर्षीय शरद की मौत से परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रीना देवी और डिम्पल शाक्य भी किशोर की मौत से गहरे सदमे में हैं।
संवाददाता न्यूजसबतक मुकेश कुमार कटारिया की रिपोर्ट



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें